रायपुर, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का रोमांच चरम पर पहुंच गया है। भारत और न्यूजीलैंड की टीमें दोपहर रायपुर पहुंचीं, जहां 23 जनवरी को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में दोनों टीमों के बीच टक्कर होगी।
भारतीय टीम के रायपुर पहुंचते ही एयरपोर्ट पर क्रिकेट प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए फैंस में खासा उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट परिसर और शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है।
दोनों टीमें बस के जरिए सीधे अपने-अपने होटलों के लिए रवाना हुईं। भारतीय टीम छेरीखेड़ी स्थित कोर्टयार्ड होटल में ठहरी है, जबकि न्यूजीलैंड की टीम हयात होटल में प्रवास कर रही है। मुकाबले से पहले आज दोनों टीमें स्टेडियम में अभ्यास सत्र करेंगी।
मैच को लेकर पूरे शहर में क्रिकेट का माहौल बना हुआ है और प्रशंसकों को भारत–न्यूजीलैंड के बीच एक रोमांचक मुकाबले की पूरी उम्मीद है।
