धमतरी, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जनपद पंचायत मगरलोड में पदस्थ एक डाटा एंट्री ऑपरेटर द्वारा शासकीय चेक चोरी कर फर्जी हस्ताक्षरों के माध्यम से लाखों रुपये आहरित करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 16 जनवरी को जनपद पंचायत मगरलोड की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने थाना मगरलोड में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कार्यालय में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर धमेन्द्र साहू ने 6 शासकीय चेक चोरी कर उन पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर किए और कुल 8,52,795 रुपये की राशि अपने एसबीआई एवं एक्सिस बैंक खातों में ट्रांसफर कर आहरित कर ली।
प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, प्रार्थी व गवाहों के बयान दर्ज किए तथा बैंक ऑफ बड़ौदा की विभिन्न शाखाओं से लेन-देन से संबंधित दस्तावेज हासिल किए। जांच में आरटीजीएस के लिए प्रयुक्त फर्जी हस्ताक्षरयुक्त पत्रों एवं आरोपी के बैंक खातों की ट्रांजेक्शन डिटेल का परीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि 01 जुलाई 2025 से 03 जनवरी 2026 के बीच आरोपी के खाते में 8,22,795 रुपये जमा हुए।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह राशि ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से खर्च कर दी। आरोपी के कब्जे से संबंधित मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आरोपी का विवरण:
नाम: धमेन्द्र साहू
पिता: परसादी राम साहू
उम्र: 36 वर्ष
निवासी: नवागांव
थाना: मगरलोड
जिला: धमतरी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय धन के दुरुपयोग एवं वित्तीय अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
