धमतरी, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी धमतरी के निर्देश पर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना सिहावा पुलिस ने अवैध गौ-तस्करी के एक गंभीर मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 16 गौवंश को सुरक्षित मुक्त कराया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग गौवंश को अवैध रूप से उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। वहां 10 गाय, 4 बछड़े और 2 बछिया को रस्सियों से बांधकर, बिना चारा-पानी के, डंडों से मारते हुए जबरन हांककर ले जाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा रोकने पर आरोपियों से पूछताछ की गई, लेकिन वे गौवंश के परिवहन अथवा खरीदी-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इन पशुओं को रायघर (उड़ीसा) के पशु बाजार में बेचने के लिए ले जा रहे थे।
कार्रवाई के दौरान आरोपी सुकनाथ सतनामी द्वारा प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-24-R-3202 को भी जब्त किया गया। मामले में थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 06/26 धारा 4, 6 एवं 10 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
उष्तम मधुमंखी (23 वर्ष), रायघर, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा)
सुकनाथ चतुर्वेदी (30 वर्ष), रायघर, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा)
सूरज बघेल (20 वर्ष), रायघर, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा)
लोकेश्वर सोनबेर (23 वर्ष), छिपलीपारा, थाना नगरी, जिला धमतरी
विजय सेवई (30 वर्ष), छिपलीपारा, थाना नगरी, जिला धमतरी
कृष्णा सेवई (54 वर्ष), छिपलीपारा, थाना नगरी, जिला धमतरी
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध गौ-तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है, वहीं जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सख्ती भी स्पष्ट रूप से सामने आई है।
