रायपुर, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 29, 30 एवं 31 जनवरी 2026 को राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। यह मेला शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजबहार रायपुर परिसर में आयोजित होगा।
रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र के लगभग 15 हजार पदों पर भर्ती हेतु साक्षात्कार लिया जाएगा। रायपुर जिले के आवेदकों के लिए साक्षात्कार की तिथि 29 जनवरी 2026, गुरुवार निर्धारित की गई है।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल www.erojgar.cg.gov.in पर रोजगार पंजीयन के साथ-साथ रोजगार मेला पंजीयन अनिवार्य है। जिन आवेदकों ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है, वे पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
साक्षात्कार के दिन अभ्यर्थियों को अपनी समस्त शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्रों की प्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, अनुभव प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।
जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में राज्य स्तरीय रोजगार मेला के लिए पंजीयन किया है, उन्हें पुनः पंजीयन करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, यदि आवेदन अपूर्ण है तो वे पोर्टल पर जाकर उसे पूर्ण कर सकते हैं।
रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र रायपुर से प्राप्त की जा सकती है। मेले स्थल पर हेल्पडेस्क एवं पूछताछ काउंटर की भी व्यवस्था रहेगी।
