सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जनवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट):
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन पर आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (IICDEM)–2026 के अवसर पर ईसीआईनेट (ECINET) डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया। इस प्लेटफॉर्म की परिकल्पना मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू एवं डॉ. विवेक जोशी के साथ मिलकर की थी, जबकि इसके विकास की घोषणा मई 2025 में की गई थी। तीन दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 21 से 23 जनवरी 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित हो रहा है।
शुभारंभ अवसर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि ECINET का विकास विधि के कठोर अनुपालन में किया गया है और यह 22 अनुसूचित भाषाओं के साथ अंग्रेज़ी में उपलब्ध है। उन्होंने विश्व के विभिन्न देशों के निर्वाचन प्रबंधन निकायों (EMBs) को अपने-अपने कानूनों और भाषाओं के अनुरूप ऐसे डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित करने हेतु भारत के साथ सहयोग का आमंत्रण दिया।
निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने ECINET को जनविश्वास सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि यह पारदर्शिता बढ़ाता है, निगरानी को मजबूत करता है और त्वरित निर्णय व सूचना प्रसार में सहायक है। वहीं निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि IICDEM–2026 विभिन्न देशों के लिए प्रौद्योगिकी और डिजिटल नवाचारों से जुड़े वैश्विक अनुभवों से सीखने का महत्वपूर्ण मंच है।
महानिदेशक (सूचना प्रौद्योगिकी) डॉ. सीमा खन्ना ने अपनी प्रस्तुति में बताया कि साइबर सुरक्षा ECINET के प्रमुख स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि आज प्रौद्योगिकी केवल सहायक नहीं, बल्कि रणनीतिक सक्षमकर्ता बन चुकी है, और ECINET पारदर्शिता, दक्षता तथा निर्वाचन प्रक्रिया में जनविश्वास को और मजबूत करता है।
ECINET विश्व का सबसे बड़ा निर्वाचन सेवा प्लेटफॉर्म है, जिसमें भारत निर्वाचन आयोग के 40 से अधिक ऐप्स और पोर्टलों को एकीकृत किया गया है। यह संविधान, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 एवं 1951, निर्वाचक पंजीकरण नियम 1960 तथा निर्वाचन संचालन नियम 1961 के पूर्ण अनुपालन में विकसित किया गया है। इसके माध्यम से मतदाता पंजीकरण, नामावली खोज, Track Your Application, Know Your Candidate, ई-ईपीआईसी डाउनलोड, शिकायत निवारण सहित अनेक सेवाएं एक सुरक्षित मंच पर उपलब्ध हैं।
ECINET के बीटा संस्करण का 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव और विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान सफल परीक्षण किया गया था। अब तक इसके जरिए 10 करोड़ से अधिक पंजीकरण प्रपत्रों का निपटान, 11 लाख से अधिक BLO का पंजीकरण और 150 करोड़ से अधिक दस्तावेजों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है।
छत्तीसगढ़ राज्य की ओर से सम्मेलन में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। इस दौरान क्रोएशिया और आयरलैंड के प्रतिनिधियों के साथ “कैंपेन फाइनेंस एवं मैनेजमेंट” विषय पर विचार-विमर्श कर चुनावी व्यय प्रबंधन और पारदर्शिता से जुड़े अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा किए गए।
