जगदलपुर, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
बस्तर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। थाना बोधघाट एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 5 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
थाना बोधघाट में आकाश नाग द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उनकी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 17 एएल 2369) 13 जनवरी 2026 की रात साकेत कॉलोनी स्थित घर के सामने से चोरी हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर एएसपी माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और सीएसपी गीतिका साहू के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर व साइबर सेल की टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीतीरगांव निवासी रितेश पांडे एवं कृष्णा बघेल उर्फ कोंदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने पैसों के लालच में विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 8 दिसंबर 2025 से 3 जनवरी 2026 के बीच चोरी की गई कुल 5 मोटरसाइकिलें—स्प्लेंडर व पैशन प्रो—गोबर मिल के खंडहर के पास छिपाकर रखी गई जगह से 21 जनवरी 2026 को विधिवत जप्त की गईं।
आरोपियों को 21 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर सहित बोधघाट थाना व साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
