कोरबा, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। कटघोरा वनमंडल में बाघ गणना सर्वे का कार्य लगातार जारी है। वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी इन दिनों जंगलों में बाघ व अन्य हिंसक जंगली जानवरों की मौजूदगी का पता लगाने में जुटे हुए हैं।
बाघ गणना के पहले चरण में 18, 19 एवं 20 जनवरी को वनकर्मियों ने अपने-अपने क्षेत्र में लगभग 6 किलोमीटर तक पैदल गश्त कर सर्वे किया, लेकिन इस दौरान न तो कहीं बाघ दिखाई दिए और न ही उनके पैरों के निशान मिले।
आज से बाघ गणना का द्वितीय चरण प्रारंभ हो गया है। इस चरण में फॉरेस्ट गार्ड एवं अन्य कर्मचारी जंगल में करीब 2 किलोमीटर पैदल चलकर बाघ सहित अन्य हिंसक वन्य प्राणियों की गतिविधियों का सर्वे करेंगे। यह अभियान आगामी तीन दिनों तक चलेगा।
इससे पूर्व कटघोरा वनमंडल के काष्ठागार स्थित सभा भवन में वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को बाघ गणना को लेकर आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया था। उल्लेखनीय है कि पूरे देश में बाघों की संख्या का आकलन करने के लिए यह सर्वे और गणना कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
इधर, कोरबा वनमंडल में बाघ गणना के लिए आवश्यक सॉफ्टवेयर का अभी इंतजार किया जा रहा है। पहले उपलब्ध कराया गया सॉफ्टवेयर खराब होने के कारण गणना का कार्य शुरू नहीं हो पाया था। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही नया सॉफ्टवेयर उपलब्ध होगा, बाघ गणना का कार्य विधिवत शुरू कर दिया जाएगा।
