रायपुर, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
बलौदा बाजार जिले के बकुलाही स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। हादसे में छह श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों के समुचित एवं उच्च स्तरीय उपचार की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, हादसे के कारणों की तथ्यपरक और निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
फिलहाल जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा राहत एवं जांच की कार्रवाई जारी है।
