रायपुर, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। थाना खमतराई क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी होरी पाल, निवासी डब्ल्यूआरएस कॉलोनी खमतराई, 16 जनवरी 2026 को अपने परिवार सहित गृह ग्राम महासमुंद गए हुए थे। 20 जनवरी को उनके पड़ोसी रवि स्वामी ने फोन कर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। रायपुर लौटने पर प्रार्थी ने देखा कि घर के दरवाजे और आलमारी के ताले टूटे हुए थे, सामान बिखरा पड़ा था तथा आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकद रकम गायब थी।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना खमतराई में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 38/26, धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पड़ोसी रवि स्वामी द्वारा बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी राहुल ध्रुव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और मोबाइल फोन, कुल जुमला कीमती लगभग एक लाख रुपये, बरामद किए गए।
बरामदगी के बाद प्रकरण में धारा 283 एवं 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है और आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी :
रवि स्वामी, पिता कुमार स्वामी, उम्र 30 वर्ष, निवासी शिवनगर डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, थाना खमतराई, रायपुर।
राहुल ध्रुव, पिता परशुराम ध्रुव, उम्र 24 वर्ष, निवासी शिवनगर डब्ल्यूआरएस कॉलोनी, थाना खमतराई, रायपुर।
