जगदलपुर, 22 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)।
बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। भैरमगढ़ क्षेत्र के उसपरी झिल्ली घाट पर इंद्रावती नदी में नाव पलटने से मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग अब भी लापता हैं। एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया है। लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF और नगर सैनिकों की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नाव में एक पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे सवार थे। सभी माड़ क्षेत्र के नदीपार स्थित बोडगा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। ये लोग उसपरी के साप्ताहिक बाजार से जरूरी सामान खरीदकर गांव लौट रहे थे। बोडगा गांव नदी से करीब 6 से 7 किलोमीटर दूर स्थित है।

हादसा बुधवार शाम करीब 5 बजे हुआ। सूचना मिलते ही नगर सैनिकों की टीम मोटरबोट के साथ मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन अंधेरा होने के कारण उसी रात रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। गुरुवार सुबह से सघन खोज अभियान चलाया गया, जिसके दौरान घटना स्थल से कुछ दूरी पर मां-बेटी के शव कपड़ों में बंधे हुए बरामद किए गए। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
रेस्क्यू अभियान में बोडगा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण भी सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य, राजस्व और सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।
भैरमगढ़ के एसडीएम विकास सर्वे ने बताया कि सभी संबंधित विभागों के अमले के साथ लगातार खोजबीन की जा रही है। टीआई नाग ने कहा कि पुलिस बल और सुरक्षा जवान घटना स्थल पर तैनात हैं। वहीं बीएमओ डॉ. रमेश तिग्गा ने एंबुलेंस और मेडिकल टीम के मौके पर मौजूद रहने की जानकारी दी।

गुरुवार सुबह क्षेत्रीय विधायक विक्रम मंडावी भी उसपरी झिल्ली घाट पहुंचे और रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। विधायक मंडावी ने कहा कि एक ही परिवार के चार लोगों का हादसे का शिकार होना बेहद दुखद है, प्रशासन पूरी गंभीरता से खोजबीन कर रहा है।
फिलहाल दो लापता लोगों की तलाश जारी है और रेस्क्यू टीम नदी के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
