कोरबा, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। बालको थाना क्षेत्र में यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी का एक मामला सामने आया है, जहां तीन स्कॉर्पियो वाहनों में सवार स्कूली छात्र-छात्राओं ने चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंटबाजी की। इस दौरान किसी ने रील बनाई तो कोई सेल्फी लेता नजर आया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
जानकारी के अनुसार, एक स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक होटल में फेयरवेल पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में शामिल होने के लिए काले रंग की तीन स्कॉर्पियो में सवार होकर विद्यार्थी होटल पहुंचे। रास्ते में कुछ छात्रों ने चलती गाड़ी की खिड़की से आधा शरीर बाहर निकालकर रील बनाई, वहीं कुछ छात्र-छात्राएं अलग-अलग पोज देते दिखाई दिए। वीडियो में लड़कियों द्वारा भी वाहन की खिड़की से बाहर निकलकर पोज देते हुए देखा गया है।
फेयरवेल कार्यक्रम के बाद सभी विद्यार्थी दोबारा स्कॉर्पियो में सवार होकर शहर में घूमने निकल गए। बाद में किसी छात्र ने पंजाबी गाने के साथ पूरा वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। इसके साथ ही पार्टी के दौरान केक काटने, डांस करने और सेल्फी लेने के वीडियो भी सामने आए हैं।
वीडियो सामने आते ही कोरबा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल क्लिप में दिख रहे वाहन नंबर के आधार पर पुलिस वाहन मालिक की पहचान करने में जुटी है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विद्यार्थी किस स्कूल के हैं और फेयरवेल कार्यक्रम स्कूल प्रबंधन द्वारा आयोजित किया गया था या विद्यार्थियों ने स्वयं आयोजन किया था।
कोरबा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रसारित वीडियो के आधार पर वाहन नंबर से मालिक की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
गौरतलब है कि इन दिनों पुलिस विभाग द्वारा यातायात सुरक्षा माह चलाया जा रहा है, जिसके तहत स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ऐसे में स्कूली छात्रों द्वारा ही नियमों का उल्लंघन किया जाना चिंता का विषय बन गया है।
