कोरबा, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने हंसिया दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना मोंगराबस्ती क्षेत्र की है, जहां तीन नकाबपोश युवक घर में घुसकर महिला को धमकाते हुए नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिया सोनाबाई भुसड़ीपारा मोंगराबस्ती, स्कूल के पीछे रहती हैं। 20-21 जनवरी की दरम्यानी रात करीब 12 से 1 बजे के बीच तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और घर के पीछे की बाउंड्री कूदकर अंदर घुसे। तीनों ने मुंह बांध रखा था। उन्होंने पहले बेटा-बहू के कमरे को बाहर से बंद किया, फिर सोनाबाई के कमरे में पहुंचकर कमरे में रखी हंसिया गर्दन पर रखकर जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने घर में रखे मोबाइल फोन और पेटी में रखी 5,500 रुपये नकद लूट लिए। शोर मचाने पर बदमाशों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद किया और मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
सोनाबाई की शिकायत पर पुलिस ने धारा 3(5), 309(6) और 331(4)-ठछै के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आसपास के इलाकों में जांच कर रही है तथा कुछ संदिग्धों से पूछताछ किए जाने की जानकारी मिली है।
