वाशिंगटन, 22 जनवरी। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर बेहद सख्त रुख अपनाया है। अपनी हत्या की संभावित साजिश से जुड़ी खबरों के बीच ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें कोई नुकसान पहुंचा, तो अमेरिका ईरान को पूरी तरह तबाह कर देगा।
ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस संबंध में बेहद कड़े निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर उनके साथ कुछ भी होता है, तो जिम्मेदार लोगों को इस धरती से मिटा दिया जाएगा। अमेरिका और ईरान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच इसे ट्रंप की अब तक की सबसे तीखी और सीधी धमकी माना जा रहा है।
इससे पहले भी ट्रंप अपने सलाहकारों को यह निर्देश दे चुके हैं कि यदि उनकी जान पर किसी भी हमले के पीछे ईरान की भूमिका साबित होती है, तो उसके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाए। यह बयान उस समय सामने आया था जब ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष चल रहा था, जिसमें अमेरिका ने भी हस्तक्षेप किया था। हाल के दिनों में भी ट्रंप कई बार ईरान पर हमले की बात कह चुके हैं।
ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ईरान के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता जनरल अबोलफजल शेखरची ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप अच्छी तरह जानते हैं कि अगर ईरान के नेतृत्व की ओर किसी ने हाथ बढ़ाया, तो न केवल उस हाथ को काट दिया जाएगा, बल्कि उनके पूरे तंत्र को भी आग में झोंक दिया जाएगा।
गौरतलब है कि ईरान में सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शनों में अब तक 5,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। आरोप है कि ट्रंप इन प्रदर्शनों को खुला समर्थन देकर ईरान पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
