रायपुर, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर में सराफा कारोबारियों के साथ बड़े स्तर पर धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तंजानिया स्थित गोल्ड माइंस में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने करीब दो करोड़ रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने यश शाह नामक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित कारोबारी समर्थ बरडिया और मुकुल चोपड़ा ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उन्हें तंजानिया ले जाकर कथित गोल्ड माइंस दिखाई और एमकेएम नामक माइंस से जुड़े फर्जी दस्तावेज भी सौंपे। भरोसा जीतने के लिए एस.के.एम. बुलियन ट्रेडिंग लिमिटेड के नाम से एक भागीदारी फर्म का गठन किया गया, जिसके जरिए भारत और तंजानिया के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई।
बाद में जब निवेश की सच्चाई की पड़ताल की गई तो सामने आया कि दिखाई गई माइंस और पेश किए गए दस्तावेज पूरी तरह फर्जी थे। ठगी का एहसास होते ही पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं में मामला कायम कर लिया है। चूंकि यह ठगी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर की गई है, इसलिए पुलिस तंजानिया से जुड़े लिंक और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।
