कांकेर, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले के नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रतेसरा के पास सुबह करीब 3 बजे तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और चारामा पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी व अन्य भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था को जल्द बहाल किया जा सके।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर दो दिन पहले भी एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। बार-बार हो रहे हादसों से इस इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतकों की पहचान की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
