महासमुंद, 22 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर नकेल कसते हुए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी सुनील कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिला स्तरीय आबकारी टीम द्वारा सघन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ग्राम पलसापाली (थाना बलौदा), ग्राम सुखापाली (थाना सरायपाली) तथा ग्राम पैकिन (थाना सिंघोड़ा) क्षेत्रों में जांच की गई। इस दौरान टीम ने कुल 140 लीटर अवैध महुआ शराब एवं 3590 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 2 लाख 7 हजार 500 रुपए बताई जा रही है।
कार्रवाई के तहत आबकारी अधिनियम के अंतर्गत 08 गैर-जमानती एवं 01 जमानती प्रकरण दर्ज किए गए। मामले में अनिल निराला, विजय रत्नाकर एवं खगेश्वर रत्नाकर को गिरफ्तार कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 59(क) के तहत न्यायालय में पेश कर रिमांड पर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक मिर्ज़ा जफर बेग, हृदय कुमार तिरपुडे, नीरज कुमार साहू, शिवशंकर नेताम, अनिल कुमार झरिया तथा आबकारी आरक्षक देवेश मांझी, प्रधान आरक्षक संजय मरकाम सहित वृत्त सरायपाली, बसना, सांकरा एवं महासमुंद शहर/ग्रामीण स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
