जशपुर, 21 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक क्रेटा कार से करीब 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 55 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार (क्रमांक UP-32-HF-0299) में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर नारायणपुर व बगीचा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम रानीकोंबो के मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार को घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी लेने पर कार की बीच सीट के नीचे और डिक्की में कारपेट के नीचे छिपाकर रखे गए 180 पैकेट गांजा बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान
1. शान मोहम्मद उर्फ सानू (22 वर्ष), निवासी लखनऊ (उत्तर प्रदेश)
2. सुहैल अहमद (19 वर्ष), निवासी सीतापुर (उत्तर प्रदेश)
के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह गांजा ओडिशा के मलकानगिरी से लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लखनऊ के एक अन्य तस्कर को भी चिन्हित कर लिया है, जिसकी गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं, जिनके डाटा की जांच जारी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नारायणपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अमरबेल मिंज, अनिल कामरे, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, आरक्षक अविनाश सोनी एवं कुलदीप खलखो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
