*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* शिक्षा में गुणवत्ता, नवाचार और शिक्षक नेतृत्व को मज़बूत करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा विभाग और ओपन लिंक्स फाउंडेशन के सहयोग से नौवें विनोबा शिक्षण उत्सव का आयोजन 22 जनवरी को बिनाका हेरिटेज बस्तर में किया जा रहा है। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न हिस्सों से 100 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनमें कलेक्टर, ज़िला पंचायत सीईओ, जिला शिक्षा अधिकारी तथा शिक्षा से जुड़े वरिष्ठ प्रशासनिक प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
यह मंच शिक्षकों और अधिकारियों को एक-दूसरे से संवाद करने, ज़मीनी अनुभव साझा करने और कक्षा व स्कूल स्तर पर किए गए प्रभावी शैक्षणिक प्रयासों को सामने लाने का अवसर प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों, केंद्र प्रमुखों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य और शैक्षणिक नवाचारों के लिए सम्मानित किया जाएगा। बीते वर्षों में ‘विनोबा शिक्षण उत्सवने स्वयं को एक ऐसे मंच के रूप में स्थापित किया है, जहाँ शिक्षक केवल सम्मानित ही नहीं होते, बल्कि नई सोच, तकनीक और शिक्षण पद्धतियों पर सार्थक संवाद के माध्यम से एक-दूसरे से सीखते और प्रेरित होते हैं। बस्तर ज़िले में ओपन लिंक्स फाउंडेशन के सहयोग से संचालित विनोबा कार्यक्रम सभी 7 विकासखंडों में सक्रिय है, जिसके अंतर्गत 2,327 शासकीय विद्यालयों के 7 हजार 937 शिक्षक और 1 लाख 35 हजार 502 विद्यार्थी विभिन्न अकादमिक पहलों से जुड़े हुए हैं। ज़िले में यह सहयोग कक्षा 1 से 5 के लिए फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी, कक्षा 6 से 12 तक की टेस्ट सीरीज़, कक्षा 5 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी, कक्षा 8 के लिए राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा, जेईई, नीट की सीबीटी आधारित तैयारी तथा दैनिक उपस्थिति और सीएसी मॉनिटरिंग जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से दिया जा रहा है। गौरतलब है कि आचार्य विनोबा भावे शिक्षक सहायक कार्यक्रम के रूप में संचालित ‘विनोबा’ पहल आज महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश तक विस्तारित हो चुकी है। अब तक यह कार्यक्रम 60,245 से अधिक विद्यालयों तक पहुँच बनाते हुए लगभग 1 लाख 96 हजार 478 शिक्षकों और 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान कर चुका है।
