मुंबई, 21 जनवरी। एशियाई बाजारों से मिले कमजोर संकेतों और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच बुधवार को भारतीय शेयर बाजार दबाव में खुला। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और यूरोपीय देशों के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है, जिसका असर घरेलू बाजारों की शुरुआत पर साफ नजर आया।
कारोबार के शुरुआती सत्र में बीएसई सेंसेक्स करीब 200 अंकों से ज्यादा गिरकर 81,794 के स्तर पर खुला। शुरुआती मिनटों में बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला, हालांकि चुनिंदा शेयरों में सीमित खरीदारी के चलते सेंसेक्स ने कुछ हद तक रिकवरी दिखाई और सुबह करीब 9:20 बजे यह 82,273.46 अंक पर मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा।
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी कमजोरी के साथ 25,141 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह सीमित दायरे में बना रहा और 9:23 बजे तक 25,228.30 के आसपास लगभग सपाट रुख के साथ ट्रेड करता नजर आया।
बाजार जानकारों के मुताबिक, फिलहाल निफ्टी में तेजी पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है। इंडेक्स अपने अहम मूविंग एवरेज के नीचे कारोबार कर रहा है, जो बाजार की कमजोरी का संकेत देता है। ऊपर की ओर 25,500 से 25,600 का स्तर मजबूत रेजिस्टेंस के रूप में देखा जा रहा है, जबकि 25,000 का स्तर एक महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक सपोर्ट बना हुआ है।
विश्लेषकों का मानना है कि अगर निफ्टी 25,000 के नीचे टिकता है तो गिरावट और बढ़ सकती है, जिसमें अगला प्रमुख सपोर्ट 24,700 के आसपास देखा जा सकता है। मौजूदा हालात में बाजार का रुख फिलहाल कमजोर बना हुआ है।
वैश्विक बाजारों की बात करें तो एशियाई बाजारों में भी दबाव नजर आया, जहां जापान का निक्केई सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ। अमेरिका में वॉल स्ट्रीट पर भी प्रमुख सूचकांकों में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता प्रभावित हुई है।
प्राथमिक बाजार में शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज के आईपीओ को सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन निवेशकों से प्रतिक्रिया मिल रही है। वहीं, अमागी मीडिया के शेयर आज शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने जा रहे हैं। हालांकि मौजूदा उतार-चढ़ाव भरे माहौल को देखते हुए निवेशक आईपीओ में भी फिलहाल चयनात्मक रणनीति अपनाते नजर आ रहे हैं।
