नई दिल्ली, 21 जनवरी। भारतीय सर्राफा बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों ने इतिहास रच दिया है। बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी दिन सोने और चांदी में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। इस उछाल के साथ ही सोना पहली बार ₹1.55 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया, जबकि चांदी भी ₹3.25 लाख प्रति किलोग्राम के ऊपर पहुंच गई।
बाजार में आज सोना ₹5,560 प्रति 10 ग्राम की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया। इसके चलते 22 कैरेट सोने का भाव बढ़कर ₹1,43,724 प्रति 10 ग्राम और 24 कैरेट सोने का दाम ₹1,56,790 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। वहीं चांदी में भी ₹3,550 प्रति किलो की तेजी दर्ज की गई, जिससे इसका भाव ₹3,27,470 प्रति किलोग्राम हो गया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी सोना ₹5,528 यानी 3.67 फीसदी की उछाल के साथ ₹1,56,093 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। वहीं चांदी ₹3,067 की तेजी के साथ ₹3,26,739 प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो अमेरिकी बाजार COMEX पर सोना 81.10 डॉलर यानी 1.70 फीसदी की मजबूती के साथ 4,846.90 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। हालांकि चांदी के दाम में हल्की गिरावट देखी गई और यह 0.80 डॉलर टूटकर 93.84 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती नजर आई।
लगातार बढ़ती कीमतों ने निवेशकों और ग्राहकों दोनों की चिंता और उत्सुकता बढ़ा दी है, वहीं बाजार विशेषज्ञ इसे वैश्विक अनिश्चितता और मजबूत निवेश मांग का असर बता रहे हैं।
