जशपुर, 21 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में प्रेम और भरोसे की अनोखी मिसाल सामने आई है। पत्थलगांव थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में सोमवार को दो प्रेमी जोड़ों ने सादगी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया। शादी के दौरान सात फेरे, भगवान शिव की पूजा और सिंदूरदान की रस्म निभाई गई। इस खास मौके पर पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग प्रत्यक्षदर्शी बने।
जानकारी के अनुसार, पहले प्रेमी जोड़े को विवाह से पहले परिजनों के विरोध और आपसी विवादों का सामना करना पड़ा था। बावजूद इसके दोनों ने साथ जीवन बिताने का दृढ़ संकल्प लिया और शिव मंदिर में विवाह कर अपने रिश्ते को सामाजिक मान्यता दिलाई। वहीं दूसरा जोड़ा करीब एक वर्ष से प्रेम संबंध में था। दोनों बालिग होने के कारण उन्होंने पत्थलगांव थाने में आवेदन देकर सुरक्षा और विवाह की अनुमति मांगी थी।

थाना परिसर में संपन्न हुई इन शादियों के दौरान पुलिस ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हुए गवाह की भूमिका भी निभाई। मौके पर मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।
अमाकानी निवासी पल्लवी मरकाम ने गोढ़ीकला निवासी निर्मल लहरे के साथ भगवान भोलेनाथ के समक्ष विवाह किया, जबकि प्रेमनगर की रानुराधा नामदेव ने रामकुमार विश्वकर्मा के साथ जीवनभर साथ निभाने का वचन लिया। यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रेम विवाह को लेकर सकारात्मक संदेश दे रहा है।
