कोरबा, 21 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। कटघोरा–अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-130) पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। बांगो थाना क्षेत्र के गुरसिया के पास तान नदी पुल के नजदीक कार और पिकअप (टाटा मैक्स) की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार कटघोरा से अंबिकापुर की ओर जा रही थी, जबकि अंबिकापुर से कटघोरा की तरफ तेज रफ्तार में आ रही पिकअप गलत साइड में आ गई। तान नदी पुल के पास दोनों वाहनों की सीधी टक्कर हो गई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पिकअप चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन का नंबर सीजी-08-एजे-1635 बताया गया है।
सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
