जगदलपुर, 21 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-30) पर पुराने टोल प्लाजा के पास मेटावाड़ा क्षेत्र में बुधवार को वन्यजीव से जुड़ा एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात मारुति वाहन ने सड़क पार कर रहे भालू को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। वन विभाग के एसडीओ देव लाल दुग्गा ने बताया कि मौके से वाहन के टूटे हुए हिस्से बरामद किए गए हैं, जिससे यह साफ है कि टक्कर काफी तेज थी। गंभीर चोट लगने के कारण भालू ने वहीं दम तोड़ दिया।
वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों के अनुसार भालू के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा तथा वैधानिक प्रक्रियाओं के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घटना के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर वन्यजीवों की सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
