रायपुर, 21 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। नगर निगम की टीम ने बुधवार सुबह राजा तालाब क्षेत्र के झंडा चौक में स्थित आरोपी के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पूर्व में जारी नोटिस और निर्धारित समय-सीमा के बाद की गई।
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल, नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त संदेश देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से क्षेत्र के नागरिकों में गहरा आक्रोश है और प्रशासन जनसुरक्षा को लेकर गंभीर है।
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व महापौर मीनल चौबे ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरोपी की दुकान और आवास से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके बाद नगर निगम ने यह कदम उठाया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक छोटी दुकान संचालित करता था, जहां से वह बच्चों को सामान देने के बहाने संपर्क में आता था। आरोप है कि इसी आड़ में उसने 9 वर्षीय बच्ची के साथ कई बार गंभीर अपराध किया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।
प्रशासन का कहना है कि कानून के तहत आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके और समाज में भयमुक्त वातावरण बनाया जा सके।
