बिलासपुर/मरवाही, 21 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। बिलासपुर जिले के निवर्तमान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वर्तमान में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में पदस्थ एएसपी राजेंद्र जायसवाल एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है।
मामला एक स्पा संचालक से जुड़ा है, जिसने एएसपी पर स्पा संचालन के बदले अवैध धनराशि की मांग करने का गंभीर आरोप लगाया है। संचालक का कहना है कि भुगतान से इनकार करने पर उसे एएसपी कार्यालय बुलाया गया, जहां कथित तौर पर यह वीडियो रिकॉर्ड किया गया। उसने यह भी स्पष्ट किया है कि उसके स्पा में किसी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि नहीं होती।
आरोपों से आहत होकर स्पा संचालक ने पुलिस महानिरीक्षक को लिखित शिकायत सौंपी है, जिसके साथ ऑडियो-वीडियो साक्ष्य भी संलग्न किए गए हैं।
प्रकरण को गंभीर मानते हुए प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है और संबंधित अधिकारी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के संकेत दिए हैं। वहीं, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने निष्पक्ष जांच के आदेश जारी किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है और उन्हें सात दिनों के भीतर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
