जशपुर, 21 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम बस्ता, पोस्ट लोखंडी, जिला जशपुर में नाबालिग बालिका का विवाह रुकवा दिया। टीम को सूचना मिली थी कि गांव में कम उम्र की बालिका का विवाह कराया जा रहा है।
सूचना मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की जानकारी देते हुए कानून के प्रावधान समझाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बालिका के 18 वर्ष पूर्ण होने के बाद ही विवाह कराना वैधानिक है।
समझाइश के बाद परिजनों ने विवाह स्थगित करने पर सहमति जताई। टीम ने बालिका की शैक्षणिक स्थिति की भी जानकारी ली और परिजनों को उसकी पढ़ाई और भविष्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से एक नाबालिग का भविष्य सुरक्षित हो सका।
