मेरठ | 20 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)
मवाना थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ओवरटेक के दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों युवक गन्ने से लदे ट्रक की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे बुलेट सवार युवक मेरठ से मवाना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे मवाना रोड पर राफन चौराहे के पास पहुंचे, आगे चल रहे गन्ने से लोड ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक का हैंडल ट्रक से बाहर लटक रहे गन्ने में फंस गया, जिससे बुलेट फिसल गई।
सड़क पर गिरते ही दोनों युवक ट्रक के पहियों के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी मवाना के अनुसार, बुलेट बाइक बिजनौर निवासी शुभम के नाम से पंजीकृत पाई गई है। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।
