बलौदा बाजार, 20 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)।
जिले में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए गठित समाधान सेल को एक और बड़ी सफलता मिली है। समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम रसेडी में घेराबंदी कर अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से ₹3500 मूल्य की 35 पाव देशी मसाला शराब जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवक कोसले (उम्र 53 वर्ष), निवासी ग्राम रसेडी, थाना सिटी कोतवाली के रूप में हुई है, जो लंबे समय से अवैध शराब बिक्री में संलिप्त था।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में आमजनों की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु महत्वाकांक्षी योजना समाधान सेल की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत अवैध व आपराधिक गतिविधियों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, शिकायत अथवा सूचना समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी
