राजनांदगांव, 20 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)।
डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की है। यह कदम शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित अपराधों की रोकथाम के लिए उठाया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में लगातार गश्त और पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को शहर में शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपक कोटागले (32 वर्ष) निवासी अटल आवास, कन्या शाला रोड डोंगरगढ़, प्रकाश कनौजिया (18 वर्ष) निवासी बुधवारी पारा वार्ड क्रमांक 14 डोंगरगढ़ तथा नरसिंह यादव (20 वर्ष) निवासी ग्राम भोथली, थाना डोंगरगढ़ के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
तीनों आरोपियों को विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि आगे भी शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
