रायपुर, 20 जनवरी (दुर्ग-भिलाई अपडेट)। आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा परिवहन के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए बीरगांव क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। सचिव सह आबकारी आयुक्त आर. शंगीता के मार्गदर्शन और कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया।
आबकारी वृत्त खमतराई की टीम ने 19 जनवरी 2026 को बीरगांव, थाना उरला क्षेत्र में दबिश देकर अवैध शराब परिवहन के एक मामले का खुलासा किया। इस कार्रवाई में आरोपी भागी नवरंगे को पकड़ा गया, जिसके पास से 35 पाव देशी मदिरा मसाला बरामद की गई। जप्त शराब की कुल मात्रा 6.3 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपये आंकी गई है।
आबकारी विभाग ने मौके से मदिरा परिवहन में प्रयुक्त एक होंडा एक्टिवा वाहन भी जप्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2) के तहत प्रकरण क्रमांक 01 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रकरण की जांच सहायक जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर पैकरा द्वारा की जा रही है। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जेबा खान, आबकारी उप निरीक्षक प्रकाश देशमुख और आरक्षक रविंद्र देवांगन की अहम भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
