दुर्ग, 20 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नवीन के सर्वसम्मति से निर्वाचित होने पर दुर्ग जिला भाजपा की ओर से हर्ष और उत्साह के साथ बधाई दी गई। जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर अपनी खुशी जाहिर की और नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
जिला भाजपा कार्यालय से प्रारंभ हुई रैली पटेल चौक पहुँची, जहाँ आतिशबाजी कर एवं मिठाई खिलाकर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग नगर निगम महापौर अलका बाघमार, जिला महामंत्री दिलीप साहू व विनोद अरोरा, सभापति श्याम शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चयन संगठन की एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भाजपा की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एक युवा और ऊर्जावान नेता के रूप में नितिन नवीन का नेतृत्व पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा का संचार करेगा।
सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी एवं बाद में प्रभारी के रूप में नितिन नवीन के मार्गदर्शन में विधानसभा चुनाव से लेकर निकाय एवं पंचायत चुनावों तक भाजपा ने ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। उनका अनुभव, कार्यकुशलता और संगठनात्मक क्षमता पार्टी को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि नितिन नवीन का कार्यकाल सफल, प्रेरक और स्मरणीय रहेगा। उनके नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगी तथा उनका मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
महापौर अलका बाघमार ने भी नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि नितिन नवीन का नेतृत्व देश और संगठन दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, मनोज सोनी, अशोक राठी, मंत्री गिरेश साहू, गायत्री वर्मा, शैलेंद्र शैंडे, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश सेन, मीडिया प्रभारी राजा महोबिया, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
