*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* ग्राम पंचायत भादूगुड़ा में टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। इच्छापुर की बी टीम ने रोमांचक मुकाबले में खिताब पर कब्जा कर लिया।
ग्राम पंचायत भादूगुड़ा में आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बड़े ही उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 16 टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट के समापन अवसर पर बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचते ही विधायक श्री बघेल ने फाइनल मैच में आमने-सामने उतरी दोनों टीमों के खिलाड़ियों से वन टू वन परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। फाइनल मुकाबला कुमड़ाकोट एवं इच्छापुर बी टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इच्छापुर- बी टीम ने निर्धारित 12 ओवरों में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 95 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुमड़ाकोट टीम ने शुरुआत में धीमी गति से रन बनाए, लेकिन जैसे-जैसे ओवर कम होते गए, मुकाबला रोमांचक होता चला गया एक ओर कुमड़ाकोट टीम रन बनाने की होड़ में लगी थी, वहीं दूसरी ओर इच्छापुर- बी की टीम विकेट गिराने के लिए लगातार प्रयासरत रही। मैच का रोमांच अंतिम ओवर तक बना रहा। निर्णायक क्षणों में इच्छापुर- बी टीम के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आखिरी ओवर में 2 महत्वपूर्ण विकेट झटक लिए और मुकाबला 4 रनों से जीतकर फाइनल पर कब्जा जमा लिया। मैच के पश्चात बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल ने विजेता एवं उप विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन ग्रामीण युवाओं में प्रतिभा निखारने, आपसी भाईचारे और अनुशासन की भावना को मजबूत करते हैं। श्री बघेल ने आयोजकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों को प्रोत्साहित करने की बात कही। इस दौरान मानसिंह कवासी, रूपसाय कोर्राम, टिंगाली कश्यप, धरम गोयल, राजेश कुमार, तुलसी राम ठाकुर, पंचराम कश्यप, जानकी, फूलसिंह, रतिराम, कुलेश्वर, बुदरू ,चतुर, मुन्ना, नेहरू संपत, लछु, मोहन, सामो, भागरती, जगोराम, भागरती, गंगाराम, एवं समस्त ग्रामवासी तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
