मैड्रिड, 20 जनवरी। स्पेन के दक्षिणी क्षेत्र में स्थित कॉर्डोबा शहर के नजदीक सोमवार को एक भीषण रेल दुर्घटना हुई। दो हाई-स्पीड ट्रेनों के आमने-सामने टकरा जाने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। घायलों में 30 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते के अनुसार, मलागा से मैड्रिड जा रही हाई-स्पीड ट्रेन, जिसमें 317 यात्री सवार थे, कॉर्डोबा से करीब 20 किलोमीटर दूर अदामुज क्षेत्र के पास अचानक पटरी से उतर गई। पटरी से उतरने के बाद यह ट्रेन पास की दूसरी लाइन पर आ रही मैड्रिड से हुएल्वा जा रही हाई-स्पीड ट्रेन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूसरी ट्रेन के कई डिब्बे भी पटरी से उतर गए।
मंत्री पुएंते ने हादसे को अत्यंत भयावह बताया। उन्होंने कहा कि मलागा-मैड्रिड ट्रेन के अंतिम दो डिब्बे सामने से आ रही ट्रेन के पहले दो डिब्बों से टकरा गए, जिससे दोनों ट्रेनों को गंभीर क्षति पहुंची।
हादसे की सूचना मिलते ही अंडालूसिया क्षेत्र की आपातकालीन सेवाएं घटनास्थल पर पहुंच गईं। स्थानीय नागरिकों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया और मामूली रूप से घायल यात्रियों को नजदीकी केंद्रों तक पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। बचाव अभियान में स्पेन की सैन्य आपातकालीन इकाई को भी तैनात किया गया।
प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि यह देश के लिए अत्यंत दुखद रात है। स्पेन के शाही परिवार ने भी शोक संदेश जारी किया है।
अधिकारियों के अनुसार, देर रात तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। प्रभावित रेल मार्गों पर ट्रेन सेवाएं कम से कम मंगलवार तक स्थगित रहेंगी। रेलवे कंपनी एडिफ ने मैड्रिड के आटोचा स्टेशन, मलागा और हुएल्वा में यात्रियों के परिजनों के लिए सूचना केंद्र स्थापित किए हैं और एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले स्पेन का सबसे बड़ा रेल हादसा जुलाई 2013 में हुआ था, जब अत्यधिक गति के कारण एक ट्रेन के पटरी से उतरने से 79 लोगों की जान चली गई थी।
