*अर्जुन झा*
= कुल 27 लाख रूपए के ईनामी थे ये नक्सली = *जगदलपुर।* बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में शनिवार से चली मुठभेड़ में चार महिला नक्सलियों सहित कुल 6 नक्सली मारे गए हैं। मुठभेड़ स्थल से बड़ी मात्रा में आटोमेटिक हथियार बरामद किए गए हैं। इन सभी नक्सलियों पर कुल 27 लाख रुपए का ईनाम घोषित था।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि जिले के फरसेगढ़ के जंगल पहाडों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी के डिवीजनल कमांडर दिलीप बेड़जा एवं अन्य सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया। ऑपरेशन के दौरान 17 जनवरी की सुबह से डीआरजी बीजापुर व दंतेवाड़ा, एसटीएफ, कोबरा एवं सीआरपीएफ की सयुंक्त टीमों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग शुरू हुई, जो 18 जनवरी की शाम तक चली। सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से दिलीप बेड़जा, एसीएम माड़वी कोसा, एसीएम पालो पोड़ियम, एसीएम लक्खी मड़कम, पीएम जुगलो बंजाम, पीएम राधा मेटटा के शवों के साथ ऑटोमैटिक हथियार- एके 47, 5.56 इंसास, .303 राइफल, कार्बाईन सहित विस्फोटक एवं नक्सल सामग्री मौके से बरामद हुई है। 19 जनवरी को बीजापुर जिला मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेंद्र यादव, उप महानिरीक्षक ऑप्स सीआरपीएफ बीजापुर सेक्टर बीएस नेगी एवं अधिकारियों, द्वारा उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में संचालित अभियान एवं मुठभेड़ के सबंध में जानकारी दी गई। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में से एक की शिनाख्त में डिवीजनल कमांडर दिलीप बेड़जा नेशनल पार्क एरिया कमेटी इंचार्ज ईनाम 8 लाख के रूप में हुई है। बीजापुर के अलग-अलग थानों में दिलीप वेंड़जा के विरूद्ध कुल 135 अपराधिक मामले दर्ज हैं।

*इन घटनाओं में शामिल था दिलीप*
नक्सली दिलीप बेड़जा वर्ष 2006 साल्हेपल्ली ग्रामीण की हत्या, वर्ष 2007 रानी बोदली कैंप पर हमला, वर्ष 2018 भोपालपटनम कांडलापर्ती मुठभेड़, वर्ष 2025 छोटे काकलेर मुठभेड़, वर्ष 2025 अन्नापुर टेकामेटा मुठभेड़, वर्ष 2025 पील्लूर टेकामेटा शिक्षादूत की हत्या में शामिल रहा है। अन्य मृत नक्सलियों में माड़वी कोसा, नेशनल पार्क एरिया कमेटी, ईनाम 5 लाख, पालो पोड़ियम, नेशनल पार्क एरिया कमेटी, ईनाम 5 लाख, लक्खी मड़कम नेशनल पार्क एरिया कमेटी, ईनाम 5.00 लाख, जुगलो बंजाम, नेशनल पार्क एरिया कमेटी, ईनाम 2 लाख, राधा मेट्टा, नेशनल पार्क एरिया कमेटी ईनाम 2 लाख शामिल हैं। इन सभी के विरूद्ध भी अलग-अलग थानों में कई मामले पंजीबद्ध हैं। मुठभेड़ स्थल से 2 नग एके 47, 03 मैग्जीन, 32 राउंड, 1 नग 5.56 इंसास, 2 मैग्जीन, 30 राऊंड 2 नग .303 रायफल, एक मैग्जीन, 20 राउंड
1 नग कार्बईन, 1 मैग्जीन, 1 नग बीजीएल लांचर, बीजीएल सेल 8 नग
नगद राशि, स्केनर, वायरलेस सेट, मल्टीमीटर, देशी हैंड ग्रेनेड, कार्डेक्स वाययर, माओवादी साहित्य, पोच, पिटठू, माओवादी वर्दी, उपचार सामग्री एवं अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है।

*कम हुआ माओवादी प्रभाव: आईजी*
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि वामपंथी उग्रवाद के अंत के मिशन में बस्तर क्षेत्र ने हाल के समय में एक ऐतिहासिक परिवर्तन देखा है। सुरक्षा बलों द्वारा निरंतर, आसूचना आधारित अभियानों तथा स्थानीय समुदायों के मजबूत सहयोग के चलते क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों से माओवादी प्रभाव को प्रभावी रूप से समाप्त कर दिया गया है। वर्तमान में माओवादी गतिविधियां केवल कुछ छोटे-छोटे समूहों तक ही सीमित रह गई हैं। जो अब पूरी तरह अलग-थलग पड़ चुके हैं।
आईजी ने यह भी रेखांकित किया कि हाल के समय में कई माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी कर ली है और सरकार की पुनर्वास नीति के अंतर्गत सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने दंडाकरण्य स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य पाप्पा राव तथा शेष बचे अन्य कैडरों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करें और शांति एवं विकास का मार्ग अपनाएं। अन्यथा, बस्तर में स्थायी शांति सुनिश्चित करने हेतु सुरक्षा बल कानून के अनुसार सख्त एवं निर्णायक कार्रवाई करने के लिए पूर्णतः तैयार हैं।
*1 साल में 163 का खात्मा*
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया किवर्ष 2025 में जिले में हुए अलग-अलग मुठभेड़ों में 163 नक्सली मार गिराए गए हैं। वर्ष 2026 में 8 माओवादी ढेर हुए है। इस प्रकार जनवरी 24 से अब तक जिले में चलाये गए नक्सल विरोधी अभियान में कुल 229 नक्सली मारे जा चुके हैं, 1126 को गिरफ्तार किया गया है और 876 नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं। अभियान के दौरान जवानों को दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों एवं प्राकृतिक चुनौतियों का भी सामना करना पड़ा। 17 जनवरी को अभियान के दौरान जंगल क्षेत्र में भालू के हमले से कोबरा 206 के प्रधान आरक्षक नीरज शर्मा एवं वनभैंसा के हमले में एसटीएफ के प्रधान आरक्षक कृष्णा नेताम घायल हो गए। घायल जवानों को उपचार हेतु हायर सेंटर भेजा गया है। वर्तमान में घायल जवानों की स्थिति स्थिर एवं खतरे से बाहर है।
