बीजापुर, 19 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 माओवादियों को मार गिराया है। मारे गए नक्सलियों में 4 महिला माओवादी भी शामिल हैं। यह मुठभेड़ थाना भोपालपटनम एवं थाना फरसेगढ़ के सरहदी जंगल-पहाड़ी इलाके में स्थित नेशनल पार्क क्षेत्र में हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नेशनल पार्क एरिया कमेटी के इंचार्ज एवं 8 लाख रुपये के इनामी DVCM दिलीप बेड़जा की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर DRG बीजापुर, DRG दंतेवाड़ा, STF, CoBRA बटालियन एवं CRPF की संयुक्त टीम 17 जनवरी 2026 को सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। अभियान के दौरान 17 जनवरी की सुबह से 18 जनवरी की शाम तक रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही।
मुठभेड़ के बाद सघन सर्चिंग में DVCM दिलीप बेड़जा सहित ACM माड़वी कोसा, ACM पालो पोड़ियम, ACM लक्खी मड़कम, PM जुगलो बंजाम एवं PM राधा मेट्टा के शव बरामद किए गए। इन सभी पर कुल 27 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल से 2 AK-47 राइफल, 1 INSAS राइफल, 2 .303 राइफल, 1 कार्बाइन, बीजीएल लॉन्चर, भारी मात्रा में गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री, वायरलेस सेट, माओवादी साहित्य एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री जब्त की है।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि मारा गया नक्सली लीडर दिलीप बेड़जा जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 135 आपराधिक मामलों में वांछित था और कई बड़ी नक्सली वारदातों में उसकी संलिप्तता रही है।
वहीं बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि लगातार आसूचना-आधारित अभियानों और स्थानीय लोगों के सहयोग से बस्तर क्षेत्र में माओवादियों की पकड़ कमजोर हुई है। उन्होंने शेष नक्सलियों से आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की।
अभियान के दौरान दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में वन्य जीवों के हमले से दो जवान घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जनवरी 2024 से अब तक बीजापुर जिले में कुल 229 माओवादी मारे जा चुके हैं, 1126 की गिरफ्तारी हुई है, जबकि 876 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।
