बीजापुर, 19 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नक्सलियों द्वारा जंगल में पहले से लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा 18 जनवरी को कस्तुरीपाड़ क्षेत्र के जंगल में हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कस्तुरीपाड़ निवासी आयता कुहरामी रोज़मर्रा की जरूरत के लिए जंगल में लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान अनजाने में उसका पैर नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर आईईडी पर पड़ गया। अचानक हुए जोरदार विस्फोट में युवक के दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। युवक की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेरकर सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। साथ ही भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए आईईडी की खोज और निष्क्रियकरण की कार्रवाई भी बढ़ा दी गई है।
