जांजगीर-चांपा | 19 जनवरी 2026 (दुर्ग भिलाई अपडेट)
थाना अकलतरा पुलिस ने शेयर मार्केट और रियल एस्टेट में निवेश कर हर माह 15 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2022-23 से सक्रिय था और अलग-अलग जिलों के भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर रकम ऐंठता रहा। पुलिस जांच में अब तक करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रमोद कुमार वैष्णव, पिता स्व. मोचन दास वैष्णव, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी जवाहर नगर अकलतरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में धारा 420 भा.दं.सं. के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी महेन्द्र कुमार कश्यप, निवासी कामता थाना शिवरीनारायण ने शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि जून 2024 में आरोपी ने स्वयं को शेयर मार्केट और रियल एस्टेट का कारोबारी बताकर हर माह 15 प्रतिशत लाभ देने का भरोसा दिलाया। विश्वास में लेने के लिए आरोपी ने इकरारनामा तैयार कराया और एचडीएफसी बैंक का 10 लाख रुपये का चेक भी दिया। बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा की गई 10 लाख रुपये की नगदी प्रार्थी ने आरोपी को सौंप दी। कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और वह फरार हो गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने कौशल प्रसाद कश्यप से 10 लाख रुपये तथा चोरभट्टी निवासी हीरा लाल कश्यप से 5 लाख रुपये की ठगी की। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने पर 10 से 15 अन्य लोगों से भी लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी की जानकारी मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने करीब 30 करोड़ रुपये की ठगी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वेगनआर कार क्रमांक CG-11-M-8955 (कीमत लगभग 4 लाख रुपये), एक अन्य कार CG-11-B-5814 (कीमत लगभग 8.50 लाख रुपये) और यामाहा मोटरसाइकिल CG-11-BL-3379 जब्त की है। कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस आरोपी के अन्य फरार साथियों और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की तलाश में जुटी हुई
