जशपुरनगर, 19 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम पूरी सतर्कता के साथ निगरानी कर रही है, ताकि धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
इसी कड़ी में कुनकुरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के बसिया से लाई जा रही 500 बोरी अवैध धान को जब्त किया गया है। देर रात सूचना के आधार पर कुनकुरी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने वाहन क्रमांक CG 04 5494 को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन में भारी मात्रा में धान लदा हुआ पाया गया, लेकिन परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज चालक द्वारा प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पूछताछ में वाहन के बगीचा की ओर जाने की जानकारी सामने आई। अवैध पाए जाने पर वाहन सहित धान को जब्त कर नारायणपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान खरीदी, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
