रायपुर, 19 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर के समीप हुई भीषण बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा दुर्घटना में मृत 10 व्यक्तियों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह राशि प्रशासन द्वारा दी जा रही तत्काल सहायता एवं बीमा से प्राप्त होने वाली राशि के अतिरिक्त होगी।
मुख्यमंत्री साय ने प्रशासन को निर्देशित किया है कि सभी घायलों के इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सकीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
