*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* यहां बीती रात कालीपुर में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई और चार अन्य घायल हो गए। एक दिन में ही तीन घरों के चिराग बुझ गए। मृतकों में एक परिवार के चाचा और भतीजा भी शामिल हैं।
बास्तानार ब्लाक के किलेपाल में जन्मे मनीष नेवर, जो अपनी ऊर्जा और हंसमुख व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे और बस्तर जिले के एक उत्कृष्ट क्रिकेटर तथा श्रेष्ठ शिक्षक थे, का निधन हो गया। 18 जनवरी की रात कालीपुर जगदलपुर में एक कार दुर्घटना में घायल होने के बाद डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में उनका निधन हो गया। मनीष नेवर मूलतः कोंडागांव जिले के केशकाल के रहने वाले थे।उनके माता-पिता स्वास्थ्य विभाग में किलेपाल में पदस्थ थे। मनीष नेवर का जन्म किलेपल में हुआ था और वहीं उनकी शिक्षा दीक्षा भी हुई थी। वर्तमान में वे बास्तानार ब्लॉक के पालानार प्राथमिक स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ थे। वह एक बहुत अच्छे पीटीआई शिक्षक और क्रिकेटर थे। उनके माता-पिता सेवानिवृत्त होने के बाद जगदलपुर धरमपुरा में शिफ्ट हो गए थे। दो अन्य मृतकों में शेखर नागे (33 वर्ष) और भावेश नागे (37 वर्ष) निवासी कालीपुर धोबीपारा शामिल हैं। शेखर नागे की एक एक वर्ष की बेटी है, जबकि भावेश नागे के दो बच्चे एक एक वर्ष का बेटा और एक पांच वर्ष की बेटी। मनीष नेवर (41 वर्ष) अपने पीछे पत्नी योगेश्वरी नेवर, बेटा आयुष नेवर 13 वर्ष और टुकटुक नेवर (7 वर्ष) को छोड़ गए हैं। भावेश व शेखर का अंतिम संस्कार धोबी पारा कालीपुर मुक्तिधाम में किया गया वहीं मनीष नेवर का उनके गृहग्राम केशकाल कोरर में अंतिम संस्कार किया गया।
मृत्यु होने वाले का नाम,
01 मनीष नेवर
02 भावेश नागे
03 शेखर नागे
