*अर्जुन झा*
*जगदलपुर।* बीजापुर के कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी न्यू बस स्टैंड बीजापुर के पीछे स्थित चट्टानपारा में नगर पालिका और जिला प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर कर 100 से अधिक मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन की इस कार्रवाई को तानाशाही और हिटलरशाही करार दिया है।
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक विक्रम शाह मंडावी ने भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार एक तरफ़ नक्सलियों को घर, नौकरी और अन्य सुविधाएं दे रही है और दूसरी तरफ नक्सली पीड़ित और गरीबों के मकानों पर बुलडोजर चला रही है। ग़रीबों के साथ यह दोहरी नीति क्यों? यह अमानवीयता की पराकाष्ठा है। श्री मंडावी ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी बीजापुर के जिला महामंत्री और ठेकेदार संजय लुंकड़ बीजापुर में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे कर पेट्रोल पंप का संचालन कर रहे हैं। अब सवाल ये है कि क्या जिला प्रशासन भाजपा के जिला महामंत्री और ठेकेदार संजय लुंकड़ की जमीनों की जांच करेगी ? या सिर्फ गरीबों के घर तोड़ने तक ही जिला प्रशासन सीमित रहेगा।
*विधायक ने दी कड़ी चेतावनी*
विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि जिला प्रशासन ने बीजापुर में जिन लोगों के मकानों पर बुलडोजर चलाया है उनमें अधिकांश लोग नक्सल पीड़ित और डीआरजी के जवान हैं, वे लोग विधिवत रूप से नगर पालिका बीजापुर को अपने अपने मकानों का संपत्ति कर सहित अन्य कर ईमानदारी से देते आ रहे हैं, तो फिर ऐसा क्या हुआ कि अचानक जिला प्रशासन भारी पुलिस बल तैनात कर अपने ही लोगों के मकानों पर अंधाधुंध बुलडोजर चलवा देता है और 100 से अधिक मकानों को जमींदोज कर दिया जाता है। विधायक ने यह भी कहा कि जिला मुख्यालय में प्रशासन इतनी बड़ी कार्रवाई महज एक नोटिस का हवाला देकर कर देता है। विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा सरकार और जिला प्रशासन पर मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजापुर में बोलडोजर एक्शन के जरिए भाजपा सरकार और बीजापुर के जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनाओं को भी तार-तार कर दिया है। जिसकी जितनी भी आलोचना की जाए कम है। उन्होंने यह भी कहा कि ये घटना गरीबों को प्रताड़ित करने की भाजपा सरकार की सोची समझी साजिश का हिस्सा है जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इसके साथ ही विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा की डबल इंजन सरकार से मांग करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान करते हुए जिस जगह पर पहले वे घर बनाकर रहते थे उसी स्थान पर पक्का मकान बना कर दिया जाए। जिला प्रशासन और नगर पालिका द्वारा की गई इस पूरी कार्रवाई की पारदर्शिता के साथ जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। उन्होंने यह भी कहा आने वाले समय में ऐसी घटनाओं को लेकर भाजपा की डबल इंजन सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।




