रायपुर, 17 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट) – रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में 15 जनवरी 2026 को हुई हिंसक घटना में एक युवक की कार से कुचलकर हत्या कर देने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक कैलाश तिवारी अपने दोस्तों के साथ एक्टिवा स्कूटर को पेट्रोल पंप तक ले जा रहे थे, जब एनएच-30 पर रॉन्ग साइड से आ रही इनोवा कार ने उन्हें टक्कर मार दी। गाड़ी चालक के साथ हुई बातचीत और तकरार के दौरान कार सवारों और युवकों के बीच हाथापाई हुई। घटना के दौरान आरोपी डिलेश मंडावी और उसके साथियों ने जानबूझकर अपनी कार कैलाश तिवारी के ऊपर चढ़ा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घटना में शामिल पांच आरोपियों – डिलेश मंडावी, लिलेश सेन, चंद्रशेखर साहू, दुर्गेश साहू और मनीष साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सभी आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इनोवा कार क्रमांक सीजी-04-एनएफ-8602 को भी जब्त किया।
मामले में दो अन्य आरोपी चंदन यादव और रितेश उर्फ रिंकू साहू की गिरफ्तारी अभी शेष है।
