रायपुर, 17 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ और मासिक ब्याज का झांसा देकर 26 लोगों से 1 करोड़ 35 लाख 14 हजार रुपये ठगने वाले कुलदीप भतपहरी को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, 6वीं कक्षा तक पढ़ा कुलदीप खुद को शेयर मार्केट, आईपीओ, एनएसई, एमएसईआई और सीडीएसएल निवेश सलाहकार बताकर लोगों को फंसाता था। वर्ष 2021-22 में उसने रायपुर और अन्य क्षेत्रों के पीड़ितों से ऑनलाइन और नकद माध्यम से पैसे प्राप्त किए। प्रारंभ में उसने आंशिक ब्याज भी दिया, लेकिन दिसंबर 2024 में फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 कंप्यूटर सिस्टम, 1 लैपटॉप और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जांच में पता चला कि कुलदीप पूर्व में भी इसी तरह की ठगी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शेयर मार्केट या क्रिप्टो में निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें और अनधिकृत व्यक्ति को पैसे न दें।
