रायपुर, 17 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट) – राजधानी रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। घर के पास खेल रही पांच वर्षीय बच्ची खुले सेप्टिक टैंक में गिर गई और गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक ने करीब एक सप्ताह पहले सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए गड्ढा खुदवाया था, लेकिन सफाई पूरी होने के बाद भी उसे ढकने या सुरक्षित करने की लापरवाही बरती गई। बच्ची इसी खुले गड्ढे में खेलते-खेलते गिर गई।
परिजन बच्ची की तलाश करते रहे और अंततः उसे गड्ढे में पाया। आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजन गहरे शोक में हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कहा है कि लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी
