जांजगीर, 17 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। शराब पीने के लिए पैसे न मिलने पर घर में आग लगाने और महिला के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी बेटी के साथ घर पर अकेली थी, जब आरोपी मोहनलाल राठौर और अमित यादव घर आए और शराब के लिए पैसे की मांग करने लगे। लड़की ने पैसे देने से इंकार किया, जिससे आरोपी गाली-गलौज करने लगे। आसपास के लोगों ने उन्हें समझा कर भगाया, लेकिन कुछ समय बाद दोनों आरोपी पेट्रोल की बोतल लेकर वापस आए और घर में आग लगाने का प्रयास किया। आग के कारण दरवाजा पूरी तरह जल गया, जिसे स्थानीय लोगों ने समय रहते बुझाया।
इसके बाद आरोपी घर के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की और पीड़िता एवं उसकी बेटी को धमकाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और कोतवाली की अधिकारियों को तुरंत जानकारी दी गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दोनों आरोपी फरार पाए गए, जिन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी हैं:
मोहनलाल राठौर, 32 वर्ष, निवासी केरा रोड, जांजगीर
अमित यादव, 39 वर्ष, निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है और मामले की विवेचना जारी है।
