दुर्ग, 17 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)।
जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से दुर्ग जिला पुलिस द्वारा ऑपरेशन विश्वास के तहत एक विशेष सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 94 आरोपियों पर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किए गए।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि दिनांक 16 जनवरी 2026 की रात्रि जिलेभर में एक साथ यह अभियान संचालित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना, आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी देना था।
कार्रवाई के दौरान थाना सुपेला क्षेत्र से 21, मोहन नगर से 10, छावनी से 9, पुरानी भिलाई से 8, पाटन से 7, वैशाली नगर से 6, कुम्हारी और खुर्सीपार से 5-5, जामुल और अमलेश्वर से 4-4, पुलगांव, दुर्ग और धमधा से 3-3 तथा नेवई, अंडा, रानीतराई और जामगांव (एम) थाना क्षेत्रों से 1-1 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इस विशेष अभियान में जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की सक्रिय भागीदारी रही, जबकि संपूर्ण कार्रवाई राजपत्रित अधिकारियों की सतत निगरानी में संपन्न कराई गई।

दुर्ग जिला पुलिस ने आम नागरिकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी अथवा कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
