कोरबा, 17 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र के नागिन झोरखी इलाके में एक युवती की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। अज्ञात आरोपी ने 24 वर्षीय युवती की सिर कुचलकर हत्या कर दी और फरार हो गया।
मृतका की पहचान रानू साहू (24 वर्ष), पिता रामकुमार साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घटना के वक्त रानू घर में अकेली थी, जबकि उसके परिजन किसी काम से बाहर गए हुए थे। शाम करीब 7 बजे जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो उन्होंने रानू को घर के भीतर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर परिजन बदहवास हो गए और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावर ने युवती के सिर पर किसी भारी वस्तु से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को सील कर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही इस जघन्य हत्या का खुलासा किया जाएगा।
