सक्ती 17 जनवरी। जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र के कचंदा गांव में मकर संक्रांति मेले के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब झूला झूलने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक वारदात में बदल गया। कहासुनी और गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने युवक आर्यन सिदार पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके सीने में गंभीर चोट आई।
घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे युवराज सिदार, राकेश सिदार और पंकज सिदार पर भी आरोपियों ने लोहे की रॉड और लात-घूंसों से हमला किया। इस हमले में तीनों को चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आर्यन सिदार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायगढ़ रेफर किया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही जैजैपुर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दीपक केंवट, रूपकुमार सिदार और वीरसिंह केंवट को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, वारदात में शामिल एक नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के निर्देशानुसार बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक आयोजनों में शांति भंग करने और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
