रायपुर, 17 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। राजधानी रायपुर में कारों का शीशा तोड़कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तमिलनाडु के त्रिची (तिरूच्चिरापल्ली) से जुड़े इस शातिर गिरोह के 6 सदस्यों को झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार किया है। आरोपी रायपुर में दो अलग-अलग स्थानों पर कारों को निशाना बनाकर बड़ी उठाईगिरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 जनवरी 2026 को गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अपोलो डायग्नोस्टिक के सामने खड़ी एक कार का पिछला शीशा तोड़कर अज्ञात चोरों ने लैपटॉप बैग व ट्रॉली बैग चोरी कर लिया था। इन बैगों में करीब 10 लाख रुपये नगद, एप्पल लैपटॉप, सैमसंग टैब, एक्सटर्नल हार्डडिस्क और कई डेबिट-क्रेडिट कार्ड रखे हुए थे। इस मामले में पीड़ित प्रवेश अग्रवाल की रिपोर्ट पर थाना गंज में अपराध दर्ज किया गया।
इसी दिन एक अन्य घटना में देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजा फुटवेयर के पास खड़ी कार का कांच तोड़कर चोरों ने बैग सहित लगभग 3 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए। इस संबंध में प्रार्थी सुयश चापेड़ा की रिपोर्ट पर थाना देवेन्द्र नगर में भी अपराध पंजीबद्ध किया गया।
लगातार दो बड़ी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना गंज एवं थाना देवेन्द्र नगर की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और वारदात के तरीके से यह स्पष्ट हुआ कि घटनाओं को किसी बाहरी और संगठित गिरोह ने अंजाम दिया है।
पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और संभावित फरारी मार्गों पर लगातार निगरानी रखते हुए सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया। फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन झारखंड में मिलने पर दो विशेष टीमों को रांची रवाना किया गया, जहां आरोपी एक और वारदात की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर 6 आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर की दोनों घटनाओं को स्वीकार करते हुए बताया कि वे देश के अलग-अलग शहरों में घूम-घूमकर खड़ी कारों को निशाना बनाते हैं। आरोपी होटलों में ठहरने से बचते हैं और पुलिस से बचने के लिए रेलवे प्लेटफॉर्म पर रुकते हुए बिना टिकट यात्रा करते हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 25 हजार रुपये नगद, 2 सोने के सिक्के और वारदात में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में किट्टू, विनोद कुमार, बाला मुरुगन, कुमरेशन डी., भास्कर और रंगन ए शामिल हैं, सभी तमिलनाडु के तिरूच्चिरापल्ली (त्रिची) जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विधिसंगत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रायपुर पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जिससे शहर में सक्रिय चोरी और उठाईगिरी के मामलों पर बड़ा अंकुश लगा है।
