रायपुर, 17 जनवरी (दुर्ग भिलाई अपडेट)। रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय अभियान के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना गंज पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी में संलिप्त एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3000 नशीली गोलियां, एक रेनॉल्ट क्विड कार और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आईजी के निर्देशन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर के मार्गदर्शन में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना गंज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीन व्यक्ति ओडिशा से भारी मात्रा में नशीली गोलियां लाकर रायपुर शहर में बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। आरोपी एक्सप्रेस-वे रोड, मैन सराय भवन जाने वाले रास्ते के पास पंप हाउस के सामने मौजूद थे।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को मौके पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से नाइट्रोजेपम टैबलेट (नाइट्रोसन-10) की 300 स्ट्रिप्स, कुल 3000 गोलियां, एक कार और मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त मादक पदार्थों एवं अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से नशीली गोलियां लाकर रायपुर में सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। इस मामले में थाना गंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, सप्लाई चैन और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश में जुटी हुई है, जिससे आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पुलिस ने इस कार्रवाई को नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
गिरफ्तार आरोपी:
प्रवीण बघेल, पिता प्रफुल्ल कुमार बघेल, उम्र 23 वर्ष, निवासी न्यू शांति नगर, टंडन डेरी रोड, अनुरथ रेजिडेंसी, रायपुर
भावेश खटवानी, पिता जू खटवानी, उम्र 32 वर्ष, निवासी क्रिस्टल आर्केड के पीछे, लोधी पारा, रायपुर
राज दास, पिता स्वर्गीय वीरेंद्र दास, उम्र 24 वर्ष, निवासी न्यू शांति नगर, चांदनी चौक, रायपुर
